BJP ने योगी की जनसंख्या नियंत्रण नीति को बताया बेहतर कदम, कहा- अच्छे आएंगे इसके परिणाम
Wednesday, Jul 14, 2021-12:45 PM (IST)

पटनाः उत्तरप्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के जनसंख्या नियंत्रण नीति को लेकर जहां बिहार की राजग सरकार के मुखिया नीतीश कुमार ने टिप्पणी करते हुए कहा कि कानून से नहीं बल्कि महिलाओं को शिक्षित करने से आबादी पर नियंत्रण संभव है, वहीं इसके विपरीत सहयोगी भाजपा इसे बेहतर कदम बताने के साथ ही इसके अच्छे परिणाम आने की उम्मीद जता रही है।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नित्यानंद राय ने दिल्ली जाने से पूर्व यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए नीति बनाकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इसके अच्छे परिणाम आएंगे। राय ने कहा कि यह समय जनसंख्या वृद्धि जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने के साथ ही इसे नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का है। हालांकि वह समान नागरिक संहिता के सवाल पर कुछ भी बोलने से बचते दिखे। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए प्रयास करना चाहिए।
वहीं, भाजपा के बिहार विधान परिषद सदस्य एवं पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार की जनसंख्या नियंत्रण नीति का समर्थन करते हुए कहा कि देश में अब जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाने की जरूरत है। बिहार में भी हर हाल में इस तरह की व्यवस्था करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कानून बनाने जा रही है कि दो से अधिक बच्चे वाले व्यक्ति ग्राम पंचायत का चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।