महागठबंधन की मानव श्रृंखला को BJP ने बताया फ्लॉप, विपक्षी एकता की खुली पोल

1/31/2021 1:00:45 PM

 

पटनाः भाजपा ने महागठबंधन की मानव श्रृंखला को पूरी तरह से फ्लॉप बताया। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला पटना के फ्रेजर रोड तक ही सिमटकर रह गई। वहीं इस आयोजन ने विपक्षी एकता की पोल भी खोल कर रख दी। 'हाथ' और 'लालटेन' का साथ नहीं दिखा।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने कहा कि विपक्ष के इस ढकोसले में जनता की भागीदारी नहीं बनी। असल में विपक्ष की मानव श्रृंखला किसानों के लिए नहीं, बल्कि किसान आंदोलन के नाम पर देश को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवी तत्वों के समर्थन में आयोजित की गई थी। बिहार की जनता ने पूरी तरह नकार दिया। आयोजन से विपक्षी कुनबे का बिखराव सड़क पर आ गया। लालटेन के साथ के लिए हाथ आगे नहीं आया। कामरेड दूर से ही लाल सलाम ठोकते रहे।

वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि राजद, कांग्रेस और वामदलों ने दिल्ली में किसानों को गुमराह कर पुलिस पर हमले कराए और तिरंगे का अपमान करवाया। इसलिए, कई किसान संगठनों और नाराज जनता ने इन दलों से दूरी बना ली। बता दें कि बिहार में कृषि कानूनों के विरोध में महागठबंधन द्वारा शनिवार को मानव श्रृंखला बनाई गई। मानव श्रृंखला के आयोजन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि काले कानूनों की वापसी तक संघर्ष जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static