BJP नेता को मिली जान से मारने की धमकी, दहशत में परिवार
Monday, Jul 06, 2026-06:35 PM (IST)
Chhapra News: बिहार में सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के नगरा प्रखंड के तकिया पंचायत के मुखिया और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता शैलेश कुमार यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। इसके बाद मुखिया के परिवार में दहशत का माहौल है।
इस मामले में मुखिया शैलेश कुमार यादव ने जलालपुर थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा है कि उनके मोबाइल फोन पर पिछले दिनों मोबाइल नंबर 9717841211 से उन्हें लगातार कई कॉल किए गए। कॉल करने वाले ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर 995511977 से भी कॉल आया, जिसमें अपशब्द कहे गए और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
मुखिया शैलेश कुमार यादव ने आशंका जताई है कि धमकी देने वाले लोग किसी भी समय उनके साथ अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की पहचान करने, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवेदन पत्र पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

