"इलेक्ट्रॉल बांड के नाम से चंदे वसूलती है NDA सरकार", अखिलेश यादव बोले- जब सरकार बदलेगी तभी बिहार बदलेगा

Wednesday, Nov 05, 2025-06:20 PM (IST)

Akhliesh Yadav Bihar Election: समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बुधवार को कहा कि बिहार में महागठबंधन (Mahagathbandhan) की सभाओं में उमड़ती भीड़ बता रही है कि प्रदेश बदलाव के लिए तैयार है। यादव ने कहा कि जब सरकार बदलेगी तभी बिहार बदलेगा।

अखिलेश यादव ने कहा की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बिहार में अपने 20 साल के शासन के नाम पर वोट मांग रहा है और उसमें मोदी जी के केंद्र में शासन के 11 वर्षों को भी जोड़ दिया जाए तो 31 साल के कुशासन की चर्चा होनी चाहिए। सपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी जब बिहार में रोजगार देने की बात करते हैं तो एनडीए के नेता उनकी खिल्ली उड़ाते हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्र की एनडीए सरकार से कहा कि उन्हें पिछले 11 वर्षों में युवाओं को दिए गए रोजगार का आंकड़ा पेश करना चाहिए। 

"इलेक्ट्रॉल बांड के नाम से चंदे वसूलती BJP की सरकार" 
यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार इलेक्ट्रॉल बांड के नाम से चंदे वसूलती है और देश में सबसे ज्यादा चंदा इसी पार्टी को मिलता है। उन्होंने कहा कि इसी सरकार ने कभी नोटबंदी की थी और नोटों के बंडल बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि यह ‘बंडल बनाने वाली बंडलबाज' सरकार है। यादव ने पत्रकारों पर भी तंज किया और कहा कि इनका दोष नहीं है, इनके पीछे जो मालिक बैठे हुए हैं, वह जैसा चाहते हैं, वैसी खबरें लोगों के सामने परोसी जाती हैं। 

"उत्तर प्रदेश में आजकल एक रंग में दिखने वाले मुख्यमंत्री"
सपा नेता ने कहा कि राजद नेता तेजस्वी रोजगार देने की बात कर रहे हैं और उन्होंने अपने उपमुख्यमंत्री रहते हुए सीमित अधिकारों के बावजूद बड़ी संख्या में नौकरियों का प्रावधान किया था और भविष्य में भी जब उनकी सरकार बनती है, तो वह प्रदेश के प्रत्येक बेरोजगार को नौकरी देने का वादा कर रहे हैं। यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आजकल एक रंग में दिखने वाले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने समाजवादी पार्टी की विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बिहार के ऊपर सब की निगाहें हैं और जब भाजपा को बिहार में हार मिलेगी तो उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में उनको हराने का मार्ग प्रशस्त होगा। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static