Bihar Weather Alert: बिहार में कोल्ड-डे का कहर, 10 दिन तक नहीं मिलेगी ठंड से राहत
Monday, Jan 12, 2026-08:21 AM (IST)
Bihar Weather Alert: उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और हिमालय में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण बिहार में ठंड ने फिर से अपनी पूरी ताकत दिखा दी है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने पूरे राज्य को शीतलहर की चपेट में ले लिया है। IMD ने सोमवार को राज्य भर के लिए कोल्ड-डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
शीतलहर का कहर जारी
पिछले 24 घंटों में 11 जिलों का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि कई जगहों पर पारा 6 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर, समस्तीपुर और शेखपुरा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के करीब पहुंच गया है। राजधानी पटना में भी न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री तक गिरा, जिससे कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी हुई है।
कोहरा और कोल्ड-डे का दोहरा प्रहार
मौसम विज्ञान केंद्र ने 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय और सुपौल में घना कोहरा छाया रहा, जहां विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हो रहा है।
पिछले दिनों की राहत सिर्फ अस्थायी
शनिवार को धूप निकलने से कुछ राहत मिली थी, लेकिन यह सिर्फ 48 घंटे की थी। रविवार को पटना में सीजन का सबसे सर्द सुबह रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री तक पहुंचा, लेकिन रातें और सुबहें अभी भी बेहद ठंडी हैं।
अगले 10 दिनों का पूर्वानुमान
IMD के अनुसार, अगले 10 दिनों तक ठंड से कोई बड़ी राहत नहीं मिलेगी। न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री की और गिरावट संभव है। 13 जनवरी से तापमान में फिर गिरावट और शीतलहर तेज होने की संभावना है। नालंदा में 3.1 डिग्री का न्यूनतम तापमान इस सीजन का अब तक का सबसे कम रिकॉर्ड है। अगले 2-3 दिनों में दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान में भी क्रमिक गिरावट आएगी।

