Police Niyukti 2025 : बिहार पुलिस को मिला नया बल, 21 हजार से अधिक सिपाहियों को CM नीतीश ने सौंपे नियुक्ति-पत्र

Saturday, Jun 28, 2025-06:19 PM (IST)

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित बापू सभागार में नवनियुक्त 21 हजार 391 पुलिसकर्मियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सौरभ कुमार, राज आनंद, हीरा लाल यादव, आकाश पाण्डेय, अंकित कुमार, सोनू कुमार, प्रभाकर कुमार, चंचल कुमारी, रितु कुमारी, मो० सलीम अंसारी, बांके बिहारी एवं सीता कुमारी को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित नियुक्ति पत्र पानेवाले पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री का ताली बजाकर आभार प्रकट किया और खुशी जताई।

PunjabKesari

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम में आप सभी का स्वागत करता हूं तथा नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर, वर्ष 2005 को नयी सरकार बनी थी, तब से राज्य में कानून का राज है और राज्य सरकार लगातार विकास के काम में लगी हुई है। हमलोगों की सरकार बनने के पहले पिछली सरकार में क्या स्थिति थी सभी लोग जानते हैं। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। विधि-व्यवस्था का बुरा हाल था। 24 नवम्बर, 2005 को राज्य में नई सरकार बनने के समय बिहार पुलिस में कार्यरत बल की संख्या काफी कम थी। उस समय पुलिस में स्वीकृत बल की संख्या लगभग 51 हजार थी। इसके विरूद्ध मात्र 42 हजार 481 पुलिस कर्मी कार्यरत थे।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा शुरू से कहना है कि राज्य में पुलिस बल की संख्या को और बढ़ाया जाये। इसके लिए वर्ष 2006 से ही पुलिस बल की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की गयी। वर्ष 2013 में पुलिस में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। वर्ष 2022 में राज्य में पुलिस बल की संख्या बढ़कर 1 लाख 10 हजार हो गयी। वर्ष 2023 में पुलिस सप्ताह के कार्यक्रम में हमने राज्य में पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर 2 लाख 29 हजार तय कर दिया। इसके बाद इन सभी पदों को भरने के लिए बिहार में पुलिस बहाली का काम तेजी से हो रहा है। इनमें से 55 हजार पदों पर गृह विभाग द्वारा प्रोन्नति दे कर भरा जा रहा है। इसके अलावा 64 हजार पदों पर सीधी बहाली का काम तेजी से हो रहा है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे खुशी है कि 21 हजार 391 सिपाहियों की सीधी बहाली का काम पूरा हो गया है जिन्हें आज नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। आज की बहाली के बाद बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या अब बढ़कर लगभग 36 हजार हो गयी है जो देश के किसी भी राज्य से अधिक है। यह हम सबों के लिए गौरव की बात है। जो महिला पुलिसकर्मी पहले से कार्यरत हैं, वे अपनी जिम्मेवारियों का अच्छे ढंग से निर्वहन कर रही हैं। नवनियुक्त पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों से उम्मीद है कि वे पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निवर्हन करेंगे। 

PunjabKesari

उन्होंने कहा कि अब इसके बाद 42 हजार 609 सिपाहियों की बहाली पर काम शुरू कर दिया गया है। इनमें से 19 हजार 838 पदों पर बहाली की लिखित परीक्षा अगले ही महीने जुलाई में हो रही है। हमारी इच्छा है कि इसके बाद बचे हुए 22 हजार 771 पदों पर भी बहाली का काम तेजी से हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पुलिस को किसी भी तरह के संसाधन की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी थानों में गाड़ियां उपलब्ध कराई गई है ताकि पुलिस वालों को आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं हो। सभी जगह पुलिस थानों के लिए भवन बनाये गये हैं। आगे भी जो जरूरत होगी उसको पूरा किया जायेगा।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग अच्छे से काम कीजिए। जो पुलिस वाला अच्छा काम करता है जनता उसकी तारीफ करती है। बिहार पुलिस ने अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि जो कोई भी गड़बड़ करता है तो उसे छोड़े नहीं। क्राइम करने वालों से सख्ती से निपटें। आज के इस अवसर पर आप सबों को भविष्य की शुभकामनाएँ देता हूं। आप सभी मुस्कुराते रहें और खुश रहें। मुझे आशा है कि आप सभी अपनी जिम्मेवारियों का अच्छे ढंग से निर्वहन करेंगे।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की शुरुआत के पूर्व पुलिस की सलामी दी गई और उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने हरित पौधा एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को पुलिस के कर्तव्य एवं अनुशासन तथा विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत ने मद्यनिषेध की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान बिहार पुलिस की कार्य पद्धति एवं उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गई।

PunjabKesari

कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव एवं पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने संबोधित किया।

PunjabKesari

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक, प्रशिक्षण प्रीता वर्मा, पुलिस महानिदेशक, बिहार विशेष सशस्त्र बल अमरेंद्र कुमार अंबेडकर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं नवनियुक्त पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static