Bihar News: दिवाली-छठ से पहले आसमान छूने लगी फ्लाइट टिकट की कीमतें, दिल्ली-मुंबई से पटना आना हुआ महंगा
Thursday, Oct 09, 2025-08:55 PM (IST)

पटना: बिहार में दीपावली (Diwali 2025) और छठ (Chhath Puja 2025) की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन इस बीच यात्रियों की जेब पर बड़ा असर पड़ने वाला है। राजधानी पटना (Patna Airport) आने वाली फ्लाइट्स की टिकटें महंगी हो चुकी हैं। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे और कोलकाता से पटना आने का किराया अचानक दोगुना-तीन गुना तक बढ़ गया है।
पहले कितना था किराया?
त्योहारी सीजन से पहले पटना के लिए हवाई किराया आम लोगों की पहुंच में था। पटना से दिल्ली (Patna to Delhi Flights) का किराया पहले ₹4,000 से ₹5,000 के बीच था। मुंबई (Mumbai Flights) से आने का किराया ₹6,500 से ₹7,000 तक था। हैदराबाद (Hyderabad Flights) से ₹6,000 से ₹6,500, कोलकाता (Kolkata Flights) से ₹3,600 से ₹4,000 तक टिकट मिल जाता था। अब वही किराया त्योहारों के सीजन में कई गुना बढ़ चुका है।
अब क्या हैं फ्लाइट टिकट की कीमतें?
अब हवाई टिकट के रेट सुनकर यात्री परेशान हैं।
- दिल्ली से पटना के टिकट ₹15,000 से ₹23,500 तक पहुंच गए हैं।
- मुंबई से ₹18,400 से ₹30,100 तक,
- हैदराबाद से ₹12,800 से ₹22,961 तक,
- कोलकाता से ₹6,000 से ₹6,500,
- बेंगलुरु से ₹12,900 से ₹21,600,
- पुणे से ₹24,800 से ₹25,300 तक बढ़ गए हैं।
एयरलाइन कंपनियों का कहना है कि त्योहारी भीड़ (Festive Rush) और सीमित सीटों के चलते किराये में यह बढ़ोतरी हुई है।
ट्रेनें भी फुल, स्पेशल ट्रेनों की घोषणा
रेलवे ने भी त्योहारी स्पेशल ट्रेनें (Festival Special Trains) चलाने की घोषणा की है। इसके बावजूद अधिकांश ट्रेनों में सीटें तेजी से फुल हो रही हैं। ऐसे में यात्रियों का रुख फ्लाइट्स की ओर बढ़ गया है, जिससे किराये में उछाल आ गया है।
कब घटेगा किराया?
एविएशन सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट टिकटों के दाम 10 नवंबर 2025 के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएंगे। दिवाली और छठ खत्म होने के बाद भीड़ कम होते ही एयरलाइंस अपने पुराने किराये पर लौट आएंगी।