पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि का बड़ा बयान- RCP सिंह जदयू के नंबर वन नेता, नीतीश केवल समय गुजार रहे

7/11/2021 4:56:16 PM

पटनाः जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कभी कद्दावर नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि ने आज कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नवनियुक्त केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ही संगठन में पकड़ रखते हैं जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केवल टाइम पास कर रहे हैं।

नागमणि ने रविवार को आरसीपी सिंह से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने पर बधाई देने के बाद बयान जारी कर कहा कि जदयू के नंबर वन नेता सिर्फ और सिर्फ आरसीपी हैं। वे संगठन में अच्छी पकड़ रखते हैं और पार्टी के तमाम नेता तथा कार्यकर्ता उन्हें ही अपना सब कुछ मानते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुमार तो केवल टाइम पास कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने शुरु के अपने 5 वर्ष के कार्यकाल के बाद बिहार में कुछ भी नहीं किया केवल समय गुजार रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब जदयू के अंदर मुख्यमंत्री और आरसीपी सिंह के बीच मनमुटाव की खबरें आ रही हैं। जदयू की अंदरूनी राजनीति गर्म है और लगातार चर्चा हो रही है कि आरसीपी सिंह तथा नीतीश कुमार के बीच दूरी बढ़ चुकी है। मंत्रिमंडल में शामिल होने के फैसले को पार्टी के नेता आरसीपी सिंह का निर्णय बता रहे हैं। ऐसे में आरसीपी सिंह से मुलाकात के तुरंत बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जो बयान दिया है, उसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

गौरतलब है कि नागमणि साल 1977 में पहली बार विधायक बने थे। चतरा से सांसद बनने के बाद वह वाजपयी सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री के पद पर भी रहे। वह अब तक शोषित समाज दल, जनता दल, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा)', राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी), कांग्रेस और जदयू में रह चुके हैं। आरएलएसपी में उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद वह जदयू में शामिल हुए थे लेकिन 6 माह के बाद ही अक्टूबर 2019 में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कुशवाहा समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जदयू से भी इस्तीफा दे दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static