बिहार उपचुनाव से पहले RJD को बड़ा झटका, सलीम परवेज ने फिर थामा जदयू का हाथ
Sunday, Oct 17, 2021-06:27 PM (IST)

पटनाः बिहार विधानसभा उपचुनाव से पहले राजद को बहुत बड़ा झटका लगा है। बिहार विधान परिषद के पूर्व उपसभापति सलीम परवेज ने जदयू में फिर से घर वापसी कर ली है। जदयू में फिर से शामिल होने के बाद परवेज ने कहा कि राजद में उन्हें घुटन महसूस होती थी लेकिन अब वह काफी खुश हैं।
सलीम ने रविवार को फिर से जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश जदयू कार्यालय में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उपेन्द्र कुशवाहा, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी व पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता हासिल करने के बाद सलीम परवेज ने कहा कि राजद ने मुस्लिम समाज को डराकर रखा है , इसलिए उन्हें वहां घुटन महसूस होती थी।
परवेज ने आगे कहा कि नीतीश कुमार सही मायनों में गरीबों के रक्षक हैं। नीतीश ने हमेशा ही न्याय के साथ विकास किया है इसके लिए उन्हें नोबल पुरस्कार मिलना चाहिए। इसी क्रम में उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि राजद सलीम परवेज जैसे नेताओं के काबिल नहीं है, जो पार्टी अपने परिवार को नहीं संभाल सकती वो बिहार को क्या संभालेगी। सीएम नीतीश कुमार ने हमेशा से ही बिहार को अपना परिवार माना है। बता दें कि बिहार विधानसभा उपचुनाव 30 अकटूबर को 2 सीटों पर होने हैं।