बिहार में एक साथ 4 सहेलियों ने क्यों चुना मौत का रास्ता? जिंदा बची लड़की ने किया रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा

Tuesday, Feb 10, 2026-08:39 AM (IST)

बिहार डेस्क : बिहार के औरंगाबाद जिले में कथित तौर पर लड़कों से मेलजोल को लेकर परिवार वालों द्वारा डांटे जाने के बाद चार लड़कियों ने एक साथ अपनी जान दे दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

29 जनवरी को एक साथ 5 लड़कियों ने खाया जहर

पुलिस के अनुसार, हसपुरा थाना क्षेत्र की एक दलित बस्ती में 10 से 14 वर्ष की पांच लड़कियों ने 29 जनवरी को कथित रूप से कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उनमें से चार की मौत हो गयी तथा एक ही जीवित बची। लड़कियों का उसी दिन पोस्टमार्टम के बिना अंतिम संस्कार कर दिया गया था। स्थानीय मीडिया में खबर आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 

लड़कों से मेलजोल पर डांट के बाद उठाया खौफनाक कदम

औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अम्बरीश राहुल ने बताया, "जीवित बची लड़की ने कहा कि लड़कों के एक समूह से मेलजोल को लेकर परिवार के सदस्यों द्वारा डांटे जाने के बाद उन लोगों ने जहरीला पदार्थ खाने का फैसला किया था।" राहुल ने कहा कि लड़कियों ने खेत में एक साथ जहर खाया जिसके बाद चार लड़कियों की मौत हो गई तथा पांचवीं लड़की ने घर लौटकर परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। 

जिंदा बची पांचवी लड़की ने किया खुलासा

पुलिस अधीक्षक के अनुसार पांचवीं लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और अब वह खतरे से बाहर है। दाउदनगर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अशोक कुमार दास ने कहा, "जांच अभी जारी है। फिलहाल हमारे पास केवल जीवित बची लड़की का बयान है।" उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "मृत लड़कियों का 29 जनवरी को ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था, जबकि पुलिस को घटना की जानकारी दो दिन बाद मिली।" मृतकों में से एक लड़की के परिजनों के अनुसार, लड़कियां खेलने के लिए घर से निकली थीं और बाद में गांव वालों ने उन्हें बताया कि उनकी बेटी अपने दोस्तों के साथ पास के खेत में मृत पाई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static