यूपी के BPSC शिक्षक ने बिहार में मौत को लगाया गले...आखिरी नोट में ऐसा क्या लिखा कि मचा गया हड़कंप
Tuesday, Feb 03, 2026-01:47 PM (IST)
Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां BPSC से चयनित युवा शिक्षक सौरभ कुमार गुप्ता (25) ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें सिर्फ इतना लिखा है: "बस अब मन नहीं है, किसी भी चीज का... SORRY।" इस घटना ने इलाके में शोक और सदमे का माहौल बना दिया है।
कमरे में पंखे से लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के पीरो थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 की है। बताया जा रहा है कि नवीनागर इलाके में किराए के मकान रहने वाले सौरभ कुमार गुप्ता का शव उनके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के लालगंज बाजार निवासी थे और फिलहाल पीरो ब्लॉक के तार मिडिल स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
बिस्तर पर छोटा सुसाइड नोट बरामद
मकान मालिक ने बताया कि देर तक दरवाजा बंद रहने पर उन्हें शक हुआ। बार-बार फोन करने और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और कमरे में सौरभ का शव पाया। पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान बिस्तर पर छोटा सुसाइड नोट बरामद किया और उसे जब्त कर लिया। सौरभ का मोबाइल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अपने आखिरी पलों में किससे बात की थी।
परिवार के अनुसार, सौरभ ने आत्महत्या से एक दिन पहले अपनी मां और भाई से फोन पर बात की थी और बताया कि सब सामान्य है। इधर, पीरो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आत्महत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

