दलित महिला के साथ हुई हैवानियत को लेकर भड़के अश्विनी चौबे, बिहार सरकार को बताया "दुराचारी और अत्याचारी"

Tuesday, Sep 26, 2023-02:55 PM (IST)

बक्सर:  केंद्रीय राज्य मंत्री सह बक्सर सांसद अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Kumar Choubey) दो दिवसीय दौरे पर सोमवार (25 सितंबर) को बक्सर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पटना में दबंगों द्वारा महादलित महिला के मुंह में पेशाब कर देने की घटना पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला।

केंद्रीय मंत्री ने बिहार सरकार बताया दुराचारी
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि वहां स्थिति को जानने और समझने के लिए भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की एक टीम गई थी। केंद्रीय मंत्री ने बिहार सरकार को राक्षसी प्रवृत्ति की संज्ञा देते हुए दुराचारी और अत्याचारी बताया और उस दबंग की गिरफ्तारी की मांग की। इसके  साथ ही उन्होंने उस दलित महिला को न्याय दिलाने हेतु महिलाओं के द्वारा राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दे डाली।

क्या है मामला?
बता दें कि राजधानी पटना में एक साहूकार और उसके सहयोगियों ने 1,500 रुपए के लिए एक दलित महिला को पहले निर्वस्त्र कर पीटा और फिर उसके मुंह पर पेशाब किया। बताया जा रहा है कि महिला ने ऋण का पूरा भुगतान करने के बाद भी और धन दिए जाने की साहूकार की ‘‘अनुचित'' मांग को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह घटना हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रमोद सिंह और उसका बेटा अंशु सिंह फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। अस्पताल में भर्ती पीड़िता ने दावा किया कि उधार ली गई रकम ब्याज समेत चुकाने के बावजूद उसे यह प्रताड़ना सहनी पड़ी।
   




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static