आजादी के बाद पहली बार केंद्र में बिहार की विशेष चिंता करने वाली सरकार मिली:उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा

Wednesday, Feb 19, 2025-08:55 AM (IST)

Bihar Deputy CM Vijay Kumar Sinha: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा(Deputy CM Vijay Kumar Sinha) ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार केंद्र में ऐसी सरकार बनी है, जो बिहार के विकास को प्राथमिकता देने के साथ ही ठोस नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व के जरिए इसे गति भी प्रदान कर रही है। विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चौथी बार बिहार दौरे पर आ रहे हैं और आगामी 24 फरवरी को‘पीएम-किसान'योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे, जिससे बिहार के 80 लाख सीमांत किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। 

"बिहार मोदी सरकार की‘प्रगति की प्राथमिकता'में विशेष स्थान रखता"
 
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अब तक इस योजना के तहत 25,000 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राज्य के किसानों को दी जा चुकी है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री पिछले वर्ष 19 जून, 13 नवंबर और 15 नवंबर को बिहार के विकास कार्यों की सौगात लेकर आए थे। चाहे नालंदा विश्वविद्यालय का उद्घाटन हो, दरभंगा एम्स का शिलान्यास हो, बुनियादी ढांचे का विस्तार हो या ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी पहलें, बिहार मोदी सरकार की‘प्रगति की प्राथमिकता'में विशेष स्थान रखता है।        


"पिछले एक दशक में मोदी सरकार ने कृषि बजट को चार गुना बढ़ाया"

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में मोदी सरकार ने कृषि बजट को चार गुना बढ़ाया, जिससे बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य को बहुत बड़ा फायदा हुआ है। बिहार देश के 85 प्रतिशत मखाने का उत्पादन करता है और फलों, सब्जियों एवं दुग्ध उत्पादन में अग्रणी है। इसी को ध्यान में रखते हुए मखाना बोडर् और राष्ट्रीय खाद्य प्रसंस्करण संस्थान की स्थापना बिहार के किसानों को नए अवसर प्रदान करेगी। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इनके अलावा, पीएम-धनधान्य योजना के तहत 100 आकांक्षी जिलों में कृषि उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया गया है, जिससे बिहार को विशेष लाभ मिलेगा। किसानों की ऋण सीमा तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी गई है, जिससे छोटे और सीमांत किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। साथ ही, राष्ट्रीय उच्च पैदावार बीज मिशन और दलहन आत्मनिर्भरता योजना का भी बिहार के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।        


"PM मोदी और CM नीतीश के नेतृत्व में बिहार अगले पांच वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा"

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार ने राज्य से आने वाले मंत्रियों को अहम मंत्रालय सौंपे हैं, जिनमें पंचायती राज, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र, एमएसएमई और कृषि मंत्रालय शामिल हैं। यह इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार बिहार की क्षमता को पहचान कर उसे आर्थिक विकास के केंद्र में ला रही है। विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार में जमीन की कम उपलब्धता और सीमांत आय पर निर्भर दो-तिहाई आबादी भले ही एक चुनौती हो लेकिन यही विकास की नई संभावनाओं को भी जन्म दे रही है। इसी कारण बिहार सरकार वस्त्र, फुटवियर, कुटीर उद्योग और लघु एवं मध्यम उद्योगों के क्लस्टर विकसित करने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की निवेश, निर्यात, नवाचार और पर्यटन नीतियों में भी इस सोच को प्रमुखता दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार अगले पांच वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और एक आत्मनिर्भर, समृद्ध राज्य के रूप में उभरेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static