मुजफ्फरपुर: बाढ़ पीड़ितों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर पथराव करने वाले 8 लोग गिरफ्तार

Monday, Oct 07, 2024-01:04 PM (IST)

मुजफ्फरपुर: बिहार पुलिस ने कुछ दिन पहले मुजफ्फरपुर जिले में बाढ़ पीड़ितों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर पथराव करने वाले आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। 

मुजफ्फरपुर के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी-पूर्व) शहरयार अख्तर ने रविवार को बताया कि शुक्रवार (चार अक्टूबर, 2024) को औराई इलाके में हुई इस घटना के सिलसिले में 100 से अधिक अज्ञात लोगों के अलावा 20 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ज्ञातव्य है कि जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे बाढ़ राहत कार्यों से असंतुष्ट लोगों ने अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए शुक्रवार को औराई इलाके में मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी राष्ट्रीय राजमार्ग को कई घंटों तक जाम कर दिया था। उन्होंने सड़क पर टायर भी जलाए।

मुजफ्फरपुर-ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विद्या सागर ने संवाददाताओं को बताया, "पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा जाम किए गए राजमार्ग को खुलवाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया।" हालांकि, एसपी ने उन खबरों का खंडन किया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हवा में गोलियां चलाईं और कहा कि जब पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग-77 को खाली कराने के लिए घटनास्थल पर पहुंची, तो कुछ असामाजिक तत्वों सहित प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। 

एएसपी ने रविवार को कहा, "गिरफ्तार किए गए लोग बाढ़ पीड़ित नहीं हैं... वे असामाजिक तत्व हैं और उन्होंने वहां प्रदर्शन कर रहे लोगों को उकसाया। इन असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिससे 3-4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। उनकी पहचान कर ली गई है और पुलिस ने अब तक 20 पहचाने गए आरोपियों में से आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।" उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद दंडाधिकारी द्वारा की गई शिकायत के आधार पर इस संबंध में प्राथमिकी की दर्ज की गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static