शेयर बाजार के नाम पर 2.24 करोड़ की धोखाधड़ी, पुलिस के हत्थे चढ़ा 21 वर्षीय युवक

Tuesday, Mar 03, 2026-10:17 AM (IST)

Cyber Crime Bihar: पटना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, ये गिरफ्तारियां पूरे शहर में पुलिस द्वारा नियमित रूप से चलाए जा रहे छापेमारी अभियान के दौरान की गईं। 

पटना पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोचा
साइबर प्रकोष्ठ के उपाधीक्षक (डीएसपी) नीतीश चंद्र धरिया ने संवाददाताओं को बताया, "पटना के दानापुर इलाके के निवासी 21 वर्षीय विकास कुमार विपुल के खिलाफ एक शिकायतकर्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उस पर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 2.24 करोड़ रुपए की ठगी करने का आरोप है।'' धरिया ने कहा कि विपुल अपने गिरोह के साथ मिलकर शेयर बाजार में निवेश से संबंधित विज्ञापनों के जरिए लोगों को फंसाता था। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वे निवेशकों को कुछ लाभ लौटाते थे, लेकिन जब निवेश की राशि बढ़ जाती थी तो वे संपर्क तोड़ लेते थे। 

म्यूल खातों के जरिए हो रही थी काली कमाई 
डीएसपी ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि रविवार को पुलिस ने पटना जिले के निवासी 42 वर्षीय संजय कुमार पाठक और शब्बीर खान को भी 'म्यूल खाते' के संचालन के जरिए लोगों से ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। धरिया ने कहा, "जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार लोग साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि को अपने खातों में जमा करने की अनुमति देते थे और बाद में 10 से 20 प्रतिशत कमीशन लेकर उसे अन्य खातों में स्थानांतरित कर देते थे।" 

अधिकारी ने बताया कि विकास कुमार विपुल के खिलाफ 21 मामले दर्ज हैं, जबकि संजय कुमार पाठक के खिलाफ दो और शब्बीर खान के खिलाफ 16 शिकायतें दर्ज हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static