जमाबंदी रजिस्टर से 14 रिकॉर्ड गायब, पूर्व CO समेत कर्मियों पर होगी कार्रवाई, प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप
Thursday, Jun 11, 2026-12:49 PM (IST)
Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया अंचल में जमाबंदी परिमार्जन से जुड़े कथित घोटाले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है, जिसके तहत जिला प्रशासन की जांच में 14 विवादित जमाबंदियों से संबंधित राजस्व अभिलेखों के पन्ने फटे अथवा गायब पाए गए हैं। इस मामले में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रशासनिक तथा कानूनी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
पश्चिमी चंपारण के अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने बुधवार को बताया कि लक्ष्मीपुर निवासी कुमार स्कंद की शिकायत पर डीसीएलआर बेतिया सदर की अध्यक्षता में गठित त्रिसदस्यीय जांच समिति ने अभिलेखों की जांच की। जांच में पाया गया कि कई जमाबंदियों में मूल रैयतों के नाम हटाकर अन्य व्यक्तियों के नाम दर्ज किए गए, जबकि इसके समर्थन में कोई वैध अभिलेखीय साक्ष्य उपलब्ध नहीं था।
यह भी पढ़ें- टेंडर घोटाले में 3 बड़े अफसर गिरफ्तार, प्रशासनिक गलियारों में मचा हड़कंप: ED की छापेमारी में मिले थे 11 करोड़
रिपोर्ट के अनुसार, 14 जमाबंदियों से जुड़े रजिस्टर-2 के महत्वपूर्ण पन्ने गायब मिले तथा कुछ अभिलेखों में मूल प्रविष्टियों में काट-छांट के संकेत भी पाए गए। समिति ने मामले को अत्यंत संदिग्ध बताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच की अनुशंसा की है। जांच में यह भी सामने आया कि विवादित परिमार्जन तत्कालीन अंचलाधिकारी राकेश कुमार के कार्यकाल में किए गए है । जिला प्रशासन ने मामले की प्रगति रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

