दर्दनाक हादसा: झरने पर सेल्फी लेते समय डूबा 35 वर्षीय युवक, दोस्तों के सामने थमी सांसें

Monday, Jul 06, 2026-11:10 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को 35 वर्षीय एक व्यक्ति झरने में सेल्फी लेने की कोशिश करते समय फिसलकर डूब गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गढ़वा जिले का निवासी आयुष तिवारी अपने चार दोस्तों के साथ गारू स्थित प्रसिद्ध सुग्गा जलप्रपात घूमने आया था। 

पुलिस ने बताया कि हाल की बारिश के कारण जलप्रपात में पानी का बहाव तेज हो गया था और पर्यटकों को किनारे के पास न जाने की चेतावनी दी गई थी। उन्होंने बताया कि तिवारी सेल्फी लेने के लिए फिसलन भरी चट्टान पर चढ़ गया और इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया जिससे वह पानी में गिर गया। पुलिस ने बताया कि तिवारी के दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और पानी की अधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि स्थानीय गोताखोरों ने करीब एक घंटे बाद तिवारी का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की कि वे मानसून के दौरान सेल्फी लेने के लिए जलप्रपातों, नदियों और जलाशयों के किनारे जाकर अनावश्यक जोखिम न उठाएं। 

असंगी चेक डैम में डूबे एक किशोर का शव बरामद
एक अन्य घटना में पुलिस ने सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित असंगी चेक डैम में डूबे एक किशोर का शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि आदित्यपुर निवासी दो किशोर शनिवार दोपहर चेक डैम के गहरे पानी में चले गए थे, जिससे दोनों डूब गए। उन्होंने बताया कि घटना के कुछ घंटों के भीतर एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया था। वहीं, रविवार को स्थानीय लोगों ने दूसरे किशोर का शव डैम में तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static