Lok Sabha Election 2024: गया लोकसभा सीट पर 2 विधायकों के बीच होगा मुकाबला, RJD से कुमार सर्वजीत ठोक रहे ताल

3/29/2024 4:09:31 PM

गया: बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में गया (सु) सीट पर इमामगंज (सु) के विधायक जीतनराम मांझी और बोधगया (सु) के विधायक कुमार सर्वजीत के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। गया (सु) सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बैनर तले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और इमामगंज के विधायक जीतनराम मांझी चुनाव लड़ रहे हैं। 

महागठबंधन सरकार में मंत्री रह चुके हैं कुमार सर्वजीत
वहीं, महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी और बोधगया के विधायक कुमार सर्वजीत चुनावी रणभूमि में ताल ठोक रहे हैं। कुमार सर्वजीत महागठबंधन की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उनके पिता स्व. राजेश कुमार गया संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। गया (सु) इस बार के लोकसभा चुनाव में एकमात्र सीट है, जहां दो विधायक जीतन राम मांझी और कुमार सर्वजीत के बीच मुकाबला होगा। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जीतन राम मांझी की पार्टी (हम) ने महागठबंधन के बैनर तले राजग के विरूद्ध चुनाव लड़ा था। 

19 अप्रैल को होगा मतदान
गया (सु) सीट से हम प्रत्याशी जीतन राम मांझी को जनता दल यूनाईटेड (जदयू) उम्मीदवार विजय कुमार मांझी से पराजय मिली थी। वर्ष 2024 के चुनाव में जीतन राम मांझी महागठंधन छोड़कर राजग गठबंधन में शामिल हो गए हैं। राजग के घटक दलों के बीच सीटों के तालमेल में गया (सु) सीट इस बार पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी (हम) को दे दी गई है। गौरतलब है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव 19 अप्रैल से 01 जून तक सात चरणों में किए जाएंगे। बिहार में प्रथम चरण की चार सीट गया (सु),औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु.), के लिए मतदान 19 अप्रैल 2024 को होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static