33 फुट ऊंचा, वजन 210 टन.......विश्व का सबसे बड़े शिवलिंग बिहार के विराट रामायण मंदिर में हुआ स्थापित
Saturday, Jan 17, 2026-12:01 PM (IST)
Virat Ramayan Mandir Shivling Sthapna: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में आज विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना हो गई है। शिवलिंग 33 फुट ऊंचा और 210 टन वजनी है। जानकारी हो कि इस‘सहस्त्र शिव लिंगम'को तमिलनाडु में महाबलीपुरम के पट्टीकाडु गांव में एक ही काले ग्रेनाइट पत्थर से 10 वर्षों में तराशा गया है। 17 जनवरी 2026 यानी आज वैदिक अनुष्ठान के साथ धर्माचार्यो द्वारा इसे 18 फीट ऊँचे पेडेस्टल और 15 फीट की आधार संरचना पर अधिष्ठापित किया जाएगा। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विराट रामायण मंदिर में पूजा-पाठ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मोतिहारी पहुंचेंगे।
शांभवी चौधरी और सायण कुणाल बने यजमान
जानकारी हो कि इस पुनीत कार्य में आचार्य किशोर कुणाल के पुत्र सायन कुणाल अपनी सांसद धर्मपत्नी शाम्भवी चौधरी के साथ यजमान की भूमिका निभाई। शिवलिंग की स्थापना में शामिल होने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे।
जानें 'सहस्त्र शिव लिंगम' का अर्थ
आचार्य शिवानन्द ब्रह्मचारी उर्फ वांचस्पति मिश्र ने 'सहस्त्र शिव लिंगम' के महात्म्य के बारे में बताया कि‘सहस्त्र शिव लिंगम'का अर्थ है हजारों शिव लिंग, जो भगवान शिव के अनंत रूप, ब्रह्मांड की विशालता, और उनकी निराकार प्रकृति का प्रतीक है। यह‘सहस्रनाम'की तरह शिव के विभिन्न गुणों और रूपों को दर्शाता है, जहां‘सहस्र'का मतलब‘हजार'होता है और लिंग स्वयं सृजन, शक्ति और परम सत्य का प्रतीक है, जिसमें ब्रह्मांड समाया है। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण बिहार के लिए यह गौरवशाली क्षण है, जब हम अपने अराध्य देवाधिदेव श्री महादेव को एक साथ‘सहस्त्र'रूप में चंपारण की पावन भूमि पर अधिष्ठापित होते हुए देख रहे हैं।

