बिहार: दिल्ली के पॉश इलाके से दबोचा गया 84 लाख बैंक डकैती का आरोपी! क्राइम ब्रांच का बड़ा ऑपरेशन

Friday, Feb 20, 2026-09:41 PM (IST)

नई दिल्ली: राजधानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिषेक झा उर्फ अभिषेक कुमार झा के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला है और कई गंभीर मामलों में वांछित था। उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके से पकड़ा गया। हाल ही में उस पर बिहार के सुपौल जिले में हथियार के बल पर लूटपाट करने का आरोप है। घटना के बाद वह फरार होकर दिल्ली पहुंच गया था और यहां एक रिहायशी सोसायटी में छिपकर रह रहा था।

उसके खिलाफ संबंधित थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज है। इसके अतिरिक्त, सहरसा और अररिया जिलों में भी उसके खिलाफ लूट के कई मामले लंबित हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2021 में अररिया जिले में हुई 84 लाख रुपये की बैंक डकैती में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस को 17 फरवरी 2026 को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी विवेक विहार क्षेत्र में सक्रिय हो सकता है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद उसकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए बिहार पुलिस को सौंप दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और वह लूट, डकैती तथा हथियारों से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह दिल्ली में छिपकर किसी नई वारदात की योजना बना रहा था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static