Kosi River: कोसी नदी के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी, छोड़ा गया 5500 क्यूसेक पानी; तटबंधों की जा रही निगरानी
Saturday, Jun 21, 2025-02:43 PM (IST)

Kosi Water Level: नेपाल के जल ग्रहण क्षेत्र में कोसी नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि के मद्दनेजर आज कोसी बराज से पूर्वी कोसी नहर में 2500 क्यूसेक और पश्चिमी नहर में 3000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। कोसी बराज नियंत्रण कक्ष में आज कोसी नदी का जलस्तर 76630 क्यूसेक दर्ज किया गया है। कोसी बाराज से पूर्वी कोसी नहर में 2500 क्यूसेक और पश्चिमी नहर में 3000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
जल संसाधन विभाग कोसी तटबंध के मुख्य अभियंता वरूण कुमार ने शनिवार को यहां बताया कि पूर्वी एवं पश्चिमी कोसी तटबंध पर दिन रात अभियंताओं द्वारा निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि तटबंध के किसी भी स्पर पर पानी का दबाव नहीं है। सभी संवेदनशील बिंदुओं पर सुरक्षात्मक कार्य जारी है। पूर्वी एवं पश्चिमी कोसी तटबंध पूर्ण रूप से सुरक्षित है। कल पूर्वी कोसी तटबंध के 102 बिन्दु पर बाढ़ सुरक्षात्मक से जुड़े कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता को प्रशिक्षण दिया गया।
कुमार ने बताया कि बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य में लगे सभी अभियंताओं को नई तकनीकी पद्धति से कार्य करने के लिए बताया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बाढ़ संघर्ष समिति के अध्यक्ष सहजानंद सिंह, अधीक्षण अभियंता पूर्वी कोसी तटबंध विकास कुमार, कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार,सुबोध कुमार,विकास कुमार के अतिरिक्त सहायक अभियंता, कनीय अभियंता उपस्थित थे।