बिहार में दर्दनाक हादसा: UP से आ रही स्कॉर्पियो ब्रिज की रेलिंग तोड़ गंगा नदी में समाई...मची चीख पुकार; एक युवक की मौत
Saturday, Jun 21, 2025-12:31 PM (IST)

Buxar News: बिहार में बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में गिर गयी, जिससे एक युवक की डूबकर मौत हो गयी तथा एक अन्य लापता हो गया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि शुक्रवार की रात उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में गिर गयी। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विद्यानंद सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर ही राहत और बचाव कार्य का निर्देश देते हुए बचाव दल को सक्रिय किया। साथ ही नगर, औद्योगिक, नया भोजपुर और गंगा ब्रिज थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर तैनात कर दी गई।
वहीं, मौके पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया, जिसने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान वाहन से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान दुल्लहपुर निवासी संजय सिंह के पुत्र झामू सिंह (22) के रूप में हुई है। वहीं स्कॉर्पियो में सवार दूसरा युवक हर्ष सिंह अब भी लापता है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि अब तक की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गाड़ी में दो युवक सवार थे। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरा अभी लापता है। दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।