"वोटर अधिकार यात्रा में बिहार का बच्चा-बच्चा भागीदार, जनता वोट चोरों को नहीं बख्शेगी", शेखपुरा में बोले तेजस्वी यादव
Thursday, Aug 21, 2025-01:51 PM (IST)

Bihar Politics: बिहार में इंडिया गठबंधन की 'वोटर अधिकार यात्रा' (Voter Adhikar Yatra) का नेतृत्व करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने आज कहा कि इस अधिकार यात्रा में बच्चा बच्चा भागीदार है और बिहार की जनता वोट चोरों को नहीं बख्शेगी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अस्वस्थ हैं और शासन दूसरे लोग चला रहे- Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अस्वस्थ हैं और शासन दूसरे लोग चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति के लिए जो भी विजन उनके तरफ से रखा जाता है, सरकार उसे चुरा लेती है और जनता के समक्ष हाजिर हो जाती है। उन्होंने कहा कि मौलिकता जैसी बात सरकार में बिल्कुल नहीं है और समय आ गया है कि राज्य को एक ऐसा मुख्यमंत्री मिले जो मानसिक रूप से स्वस्थ हो और प्रदेश के विकास के लिए मौलिक सोच रखता हो। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार को उद्योग, सुगर मिलो के पुन: संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार की जरूरत है, लेकिन जो सरकार वोट चोरी कर चुनाव में जीत के ख्वाब रखती है, वह प्रदेश के वासियों का भला कैसे सोचेगी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष उपराष्ट्रपति चुनाव की रणनीति के मद्देनजर दिल्ली गये हैं और आज ही दोपहर बाद वोटर अधिकार यात्रा के नेतृत्व के लिए बिहार वापस आ जाएंगे। गौरतलब है कि बिहार में चल रही यह यात्रा चौथे दिन विश्राम के बाद आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अनुपस्थिति में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में शेखपुरा से शुरू हुई है।