राजगीर: सम्राट जरासंध स्मारक का अनावरण, CM नीतीश ने किया पुष्प अर्पित

Saturday, Mar 08, 2025-08:58 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को नालंदा जिले के राजगीर स्थित जयप्रकाश उद्यान में सम्राट जरासंध स्मारक का अनावरण किया। 21 फीट ऊंची यह प्रतीकात्मक प्रतिमा महाभारत काल के महान योद्धा सम्राट जरासंध को समर्पित है। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जरासंध की जीवनी पर बने भित्तिचित्रों (म्यूरल्स), जरासंध जानकारी केंद्र और जल संरक्षण संरचना का भी अवलोकन किया।

PunjabKesari

सम्राट जरासंध स्मारक के निर्माण की कहानी

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राजगीर से उनका पुराना नाता रहा है। उन्होंने बताया कि 2009 में राजगीर प्रवास के दौरान यहां के ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया था और इनके विकास के लिए कई योजनाएं बनाई गईं। हालांकि, सम्राट जरासंध अखाड़े को विकसित करना संभव नहीं हो सका क्योंकि यह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधीन प्रतिबंधित स्थल है। इसलिए जरादेवी मंदिर एवं जेपी उद्यान के समीप सम्राट जरासंध स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री ने 27 नवंबर 2022 को इस स्मारक की घोषणा की थी और 2023 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ। उन्होंने कई बार निर्माण स्थल का दौरा किया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अब यह स्मारक और पार्क पूरी तरह तैयार है।

PunjabKesari

जरासंध महोत्सव और चंद्रवंशी समाज का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रवंशी समाज के लोग सम्राट जरासंध को अपना पूर्वज मानते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए 2023 से सरकारी स्तर पर जरासंध महोत्सव का आयोजन शुरू किया गया है। महाभारत काल के महान योद्धा सम्राट जरासंध मल युद्ध (कुश्ती) के माहिर योद्धा थे। उनका अखाड़ा आज भी राजगीर में मौजूद है, जो उनके पराक्रम की ऐतिहासिक पहचान है।

कार्यक्रम में शामिल गणमान्य

इस भव्य समारोह में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, सांसद संजय कुमार झा, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

PunjabKesari

इसके अलावा पर्यावरण विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक बरबड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राकेश राठी और नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static