अररिया, मुंगेर, पटना के बाद अब भागलपुर में 'खाकी' पर हमला, 5 पुलिसकर्मी जख्मी

Sunday, Mar 16, 2025-09:39 AM (IST)

भागलपुर: बिहार में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अररिया, मुंगेर और पटना के बाद अब भागलपुर में पुलिस पर हमला हुआ है। शनिवार रात अंतीचक थाना क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

गांव में झगड़ा सुलझाने पहुंची पुलिस पर पथराव

घटना अंतीचक थाना क्षेत्र के माधव रामपुर हरि चक गांव की है, जहां बच्चों के विवाद को लेकर ग्रामीणों के दो गुट आपस में भिड़ गए थे। झगड़े की सूचना पर गश्ती कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हालात संभालने से पहले ही ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती

हमले में अंतीचक थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार समेत पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस हमले में पुलिस की गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

24 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, छापेमारी जारी

घटना को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी संजीव चौधरी के बयान के आधार पर 24 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की तैयारी में जुटी हुई है।

मुंगेर में ASI की हत्या से बढ़ी पुलिस की चिंता

भागलपुर में पुलिस पर हमले की यह घटना उस समय हुई है जब हाल ही में मुंगेर में डायल 112 की ड्यूटी पर तैनात ASI संतोष कुमार की हत्या कर दी गई थी। दो गुटों के झगड़े में हस्तक्षेप करने गए ASI पर धारदार हथियार से कई बार वार किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एनकाउंटर कर एक आरोपी को मार गिराया, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।

अररिया में भी पुलिसकर्मी पर हमला

कुछ दिन पहले अररिया जिले में एक अपराधी को छुड़ाने के दौरान दारोगा राजीव रंजन की धक्का-मुक्की में मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बिहार पुलिस के लिए गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static