Bihar Cabinet Expansion: 23 जून के बाद फिर होगा नीतीश कैबिनेट का विस्तार, राजद और कांग्रेस कोटे से बनेंगे मंत्री
Sunday, Jun 18, 2023-02:20 PM (IST)

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में 23 जून के बाद एक बार फिर से मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें राजद और कांग्रेस कोटे से मंत्री बनाए जाएंगे। इसकी जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने दी है।
कांग्रेस और राजद कोटे से बनेंगे मंत्री
कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में प्रेस को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि विपक्षी एकता की बैठक के बाद एकबार फिर से बिहार कैबिनेट का विस्तार होगा। इसमें कांग्रेस और राजद कोटे से मंत्री बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से 2 नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। बता दें कि राजद के दो मंत्रियों कार्तिकेय कुमार और सुधाकर सिंह ने अलग-अलग कारणों से इस्तीफा दिया था, जिसके कारण ये पद खाली पड़े हैं। वहीं उसके बाद से ही कैबिनेट के विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं।
अखिलेश सिंह ने आगे कहा कि 23 जून की विपक्षी एकजुटता बैठक में राहुल गांधी शामिल होंगे। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वेणुगोपाल भी बिहार आएंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी पहली बार बिहार आ रहे हैं। 23 जून की सुबह पटना पहुंचने के बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सदाकत आश्रम आएंगे। उसके बाद 10 बजे सदाकत आश्रम में बिहार कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करेंगे। मुलाकात के बाद 11:30 बजे विपक्षी एकजुटता बैठक में शामिल होंगे।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
बिहार में 23 साल के वेल्डिंग वर्कशॉप संचालक की हत्या! दुकान से लौट रहा था घर...गंडक नदी में मिली लाश
