Bihar Elections: चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, विधायक मिश्री लाल यादव ने छोड़ी पार्टी, RJD में होंगे शामिल!
Saturday, Oct 11, 2025-12:59 PM (IST)
Bihar Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक और तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, अब दरभंगा की अलीनगर विधानसभा सीट से विधायक मिश्रीलाल यादव (Mishrilal Yadav) ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में दलितों और अन्य पिछड़े समुदायों को उनका हक नहीं मिल रहा है।
मैंने अलीनगर सीट से राजग को पहली बार जीत दिलाई थी- Mishrilal Yadav
दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से विधायक यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह अपना इस्तीफा पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को सौंपेंगे। भाजपा की ओर से इस पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन पार्टी सूत्रों ने कहा कि यादव इन अटकलों के कारण नाराज हैं कि इस बार उन्हें टिकट नहीं मिलेगा और भाजपा अलीनगर सीट से गायिका मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बना सकती है। यादव ने कहा, ‘‘मैंने अलीनगर सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को पहली बार जीत दिलाई थी। इससे पहले कई उम्मीदवार, जिनके पास धनबल और बाहुबल दोनों थे, ऐसा नहीं कर पाए थे।''
राजद में होंगे शामिल!
यादव ने 2020 का विधानसभा चुनाव विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर लड़ा था। बॉलीवुड सेट डिजाइनर से नेता बने मुकेश सहनी के नेतृत्व वाली वीआईपी पार्टी 2022 में राजग से अलग हो गई थी, जब भाजपा के दबाव पर सहनी को नीतीश कुमार मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया था। इसके कुछ समय बाद वीआईपी के चारों विधायक, जिनमें यादव भी शामिल थे, भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि यादव ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की, लेकिन सूत्रों के अनुसार वह विपक्षी ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूजिव अलायंस) गठबंधन के संपर्क में हैं, जिसका नेतृत्व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कर रहा है।

