गांडेय विधानसभा सीट से आज नामांकन करेंगी कल्पना सोरेन, सास रूपी और ससुर शिबू सोरेन से लिया आशीर्वाद

4/29/2024 11:02:31 AM

Ranchi: पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन आज गांडेय विधानसभा उपचुनाव में झामुमो की उम्मीदवार के रूप में नामांकन करेंगी। बीते रविवार को कल्पना सोरेन सास रूपी और ससुर शिबू सोरेन का आशीर्वाद लेने के लिए रांची के मोरहाबादी स्थित उनके निवास पहुंचीं।

PunjabKesari

कल्पना ने मोरहाबादी स्थित आवास पर जाकर ससुर शिबू सोरेन तथा सास रूपी सोरेन से मुलाकात की। उनके पांव छुए और आशीर्वाद लिया। कल्पना सोरेन पपरवाटांड स्थित समाहरणालय में निर्वाची पदाधिकारी डीएसओ गुलाम समदानी के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेगी। उनके नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, मंत्री बसंत सोरेन सहित ‘इंडिया गठबंधन’ के कई नेता मौजूद रहेंगे।

PunjabKesari

इसके बाद वह पपरवाटांड़ फुटबॉल मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इसके बाद वह गांडेय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गांडेय व बेंगाबाद में एक-एक चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करेंगी। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू होंगी। वहीं, इसे लेकर झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

PunjabKesari

जानकारी के मुताबिक बीते रविवार को ही कल्पना सोरेन नामांकन के लिए गिरिडीह रवाना हो गयीं। कल्पना सोरेन हेलीकॉप्टर से गिरिडीह हवाई अड्डा पहुंचीं। यहां पर राज्यसभा सदस्य डॉ सरफराज अहमद, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू व झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने उनका स्वागत किया। यहां से वह उत्सव उपवन गयीं। शाम में पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की। झामुमो जिलाध्यक्ष ने बताया कि कल्पना सोरेन 12.30 बजे से एक बजे के बीच नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, बता दें कि 20 मई को लोकसभा चुनाव के साथ झारखंड की गांडेय विधानसभा पर उपचुनाव भी होना है। जेएमएम ने इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मैदान में उतारा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Recommended News

Related News

static