झारखंड में बड़ी मुठभेड़, एक करोड़ के इनामी समेत तीन माओवादी मारे गए; एनकांउटर में सहदेव सोरेन ढेर

Monday, Sep 15, 2025-09:20 AM (IST)

Jharkhand Encounter: झारखंड के हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में आज पुलिस के साथ मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) सेंट्रल कमिटी के सदस्य और एक करोड़ का इनामी नक्सली सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सलियों मारे गये। मारे गए नक्सलियों में 25 लाख रुपये का इनामी रघुनाथ हेंब्रम और 10 लाख रुपये का इनामी बीरसेन गंझू भी शामिल हैं। इस एनकाउंटर में नक्सलियों के पास से एके-47 समेत भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए गए हैं।

हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने इस कारर्वाई की पुष्टि करते हुए कहा कि ऑपरेशन सफल रहा है और पूरे इलाके में अब भी सर्च अभियान जारी हैं। मुठभेड़ उस क्षेत्र में हुई, जो बोकारो और गिरिडीह की सीमा से जुड़ा हुआ है। यह ऑपरेशन कोबरा बटालियन, गिरिडीह व हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टुकड़ी ने चलाया। सहदेव सोरेन और उसके दस्ते की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया था। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हुई जो घंटों तक चली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ समाप्त होने के बाद सुरक्षाबलों ने जंगल में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान तीनों शव बरामद हुए। इस मुठभेड़ में कई अन्य नक्सली घायल होने की भी सूचना।       

उल्लेखनीय है कि सहदेव सोरेन लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। हाल ही में झारखंड पुलिस ने उसके ऊपर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था। वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड रहा था, जिसके कारण पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में थीं। झारखंड पुलिस के अधिकारियों ने इस अभियान को बड़ी सफलता करार दिया है। फिलहाल सुरक्षाबल इलाके में गहन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि शेष नक्सलियों को भी दबोचा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static