Jharkhand Assembly Election: झारखंड में 2 चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव, निर्वाचन आयोग ने किया तारीखों का ऐलान

Tuesday, Oct 15, 2024-04:19 PM (IST)

नई दिल्ली/ रांची: निर्वाचन आयोग (EC) ने आज यानी मंगलवार को झारखंड में 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी। इलेक्शन कमिशन के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव संबंधी विस्तृत जानकारी दी।

दो चरणों में होगा मतदान
इलेक्शन कमिशन के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में दो चरणों में मतदान होगा। झारखंड में पहले चरण का मतदान 43 सीटों पर 13 नवंबर को, दूसरे चरण का मतदान 38 सीटों पर 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी। 13 नवंबर की वोटिंग के लिए 18 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर को होगी। वहीं 30 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते है।

झारखंड में 2.6 करोड़ मतदाता
वहीं, 20 नवंबर को होने वाली वोटिंग के लिए 22 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर है। नामांकन वापस लिए जाने की आखिरी तारीख 1 नवंबर है। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में 2.6 करोड़ मतदाता है। एक पोलिंग बूथ पर 881 मतदाता वोटिंग करेंगे। दो किलोमीटर के अंदर पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। आदिवासी क्षेत्रों में भी पोलिंग स्टेशन होंगे।

बता दें कि पिछली बार 2019 के विधानसभा चुनाव में झामुमो-कांग्रेस और राजद ने मिलकर चुनाव लड़ा था। पिछले चुनावों में झामुमो 43 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। वहीं इस बार भी इससे कम में लड़ने को तैयार नहीं है। वहीं, कांग्रेस ने 31 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन इस बार 33 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। राजद 7 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। गठबंधन ने कुल 47 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया था। इसके बाद हेमंत सोरेन दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में भाजपा 25 सीट पर सिमट गई थी और तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास भी चुनाव हार गए थे।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static