पेरिस ओलंपिक में मेडल पर निशाना लगाएंगी BJP विधायक श्रेयसी सिंह, शॉटगन ट्रैप वूमेन प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

6/21/2024 5:47:56 PM

जमुई (अभिषेक कुमार सिंह): बिहार के जमुई विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रेयसी सिंह का पेरिस में आयोजित ओलंपिक खेल में शॉटगन ट्रैप वूमेन प्रतियोगिता में चयन हुआ है। श्रेयसी सिंह अब ओलंपिक गेम में मेडल पर निशाना साधेगीं। इसके साथ ही श्रेयसी सिंह बिहार की पहली एथलीट बन गई हैं, जिनका चयन ओलंपिक खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। जमुई विधायक श्रेयसी सिंह के पेरिस ओलंपिक में चयन होने पर पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। 

श्रेयसी सिंह को इस साल मिला था अर्जुन अवार्ड 
श्रेयसी सिंह ने ग्लासगो में हुए 2014 कॉमनवेल्थ गेम में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया। उसी वर्ष उन्होंने 2014 एशियाई खेलों में इंचियोन में डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में शगुन चौधरी और वर्षा वर्मन के साथ कांस्य पदक जीता था। साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया कॉमनवेल्थ गेम में निशानेबाजी की वूमेन डबल ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था। इसी साल श्रेयसी सिंह को राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था। 

2020 में बीजेपी में शामिल हुई थीं श्रेयसी सिंह 
श्रेयसी सिंह 2020 में बीजेपी में शामिल हुई। पार्टी ने उन्हें जमुई सीट से उतारा और उन्होंने जीत हासिल की। विधायक श्रेयसी सिंह का जन्म 29 अगस्त 1991 को नई दिल्ली में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय दिग्विजय सिंह सांसद और केंद्र सरकार में मंत्री रहे। उनकी मां पुतुल सिंह भी सांसद रहीं। श्रेयसी सिंह ने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन और मानव रचना विश्वविद्यालय फरीदाबाद से एमबीए की पढ़ाई की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static