अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर CM नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएं, कहा- महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध सरकार

Friday, Mar 07, 2025-09:51 PM (IST)

पटना: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश और देश की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी देश और राज्य की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी बेहद अहम है। उन्होंने इस मौके पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी भूमिका को और मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।

महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार लगातार प्रयासरत

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के बिना समाज और देश की तरक्की अधूरी है। उनकी सरकार ने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए कई अहम योजनाएं चलाई हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना
  • मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना
  • मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
  • मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना
  • सभी सरकारी सेवाओं में 35% आरक्षण
  • पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में 50% आरक्षण
  • जीविका परियोजना के तहत महिला सशक्तीकरण

शराबबंदी से महिलाओं को मिली बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू शराबबंदी से महिलाओं को सबसे अधिक लाभ हुआ है। इससे घरेलू हिंसा के मामलों में कमी आई है और महिलाएं सुरक्षित माहौल में आगे बढ़ रही हैं।

सभी को महिलाओं के विकास के लिए संकल्प लेने की जरूरत

सीएम ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के विकास के प्रति हमारे संकल्प को दोहराने का दिन है। हमें मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि महिलाएं सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत हों और उन्हें एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिले।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static