BJP Candidates List: बिहार से भाजपा के चार सांसद बेटिकट, तीन हैट्रिक लगाने से चूके

3/26/2024 10:21:42 AM

पटना: बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव में चार सांसदों को बेटिकट कर दिया है, जिससे तीन सांसदों के हैट्रिक लगाने का सपना अधूरा रह गया।        

तीन सांसदों का टिकट कटा
बिहार के लिए भाजपा ने अपने सभी 17 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सूची में तीन सांसदों का टिकट कट गया है। भाजपा ने बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के बदले पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। मुजफ्फरपुर से अजय निषाद के बदले राज भूषण निषाद को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, सासाराम (सु) से छेदी पासवान के बदले पूर्व विधायक शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया गया है। शिवहर सीट राजग के घटक दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कोटे में जाने के कारण भाजपा की रमा देवी पहले ही बेटिकट हो चुकी हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जय नारायण प्रसाद निषाद के पुत्र अजय निषाद मुजफ्फरपुर संसदीय सीट से वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में लगातार दो बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राज भूषण निषाद भाजपा प्रत्याशी अजय निषाद के प्रतिद्वंद्वी के रूप में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के उम्मीदवार थे। राज भूषण निषाद हाल ही में वीआईपी छोड़कर भाजपा में शामिल हुये थे। मुजफ्फरपुर से राज भूषण निषाद के भाजपा प्रत्याशी बनाये जाने के बाद अजय निषाद का इस सीट से हैट्रिक लगाने सपना अधूरा हो गया है।        

इसी तरह बक्सर से सांसद और केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री रहे अश्विनी चौबे का टिकट इस बार कट गया है। बक्सर संसदीय सीट से पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा गया है। अश्विनी चौबे ने लगातार दो बार वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में बक्सर संसदीय सीट पर भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए हैं। इस बार बक्सर से भाजपा का टिकट नहीं मिलने पर अश्विनी चौबे की हैट्रिक लगाने की मंशा अधूरी रह गई। वर्ष 2024 के लोकसभा रण में सासाराम (सु) सीट से भाजपा सांसद छेदी पासवान बेटिकट कर दिए गए हैं। छेदी पासवान ने चार बार सासाराम संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया है।

छेदी पासवान भी हैट्रिक लगाने से चूके
वहीं, वर्ष 1989 और वर्ष 1991 में छेदी पासवान सासाराम सीट पर जनता दल के टिकट पर निर्वाचित हुए। छेदी पासवान ने वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में भी भाजपा के टिकट पर सासाराम सीट से जीत हासिल की। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर छेदी पासवान भी हैट्रिक लगाने से चूक गए। शिवहर सीट से भाजपा ने सांसद रमा देवी का भी टिकट काट दिया है। शिवहर से जदयू के टिकट पर पूर्व सांसद लवली आनंद चुनावी समर में उतरी हैं। रमा देवी भाजपा के टिकट पर लगातार तीन बार वर्ष 2009, वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में निर्वाचित हुई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static