यूपी की युवती के साथ गोपालगंज में हुआ था गैंगरेप, पुलिस ने एनकाउंटर में तीनों आरोपियों को किया लंगड़ा
Tuesday, Apr 29, 2025-06:41 PM (IST)

Gopalganj Crime News: बिहार के गोपालगंज जिले में रेलवे स्टेशन पर एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपी तीन लोग पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक आरोपी को कुचायकोट थाना क्षेत्र के बिंद टोला से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसे अपने साथ लेकर उसके दो अन्य साथियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करने गई।
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया, "वे बिंद टोला भी गए, जहां दो अन्य आरोपी छिपे हुए थे। पुलिस को देखकर दोनों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पहले गिरफ्तार किया गया व्यक्ति पुलिस वैन में था, लेकिन अपने साथियों को गोली चलाते देख उसने एक पुलिसकर्मी से बंदूक छीनने की कोशिश की और भागने का प्रयास किया।" उन्होंने कहा, "आखिरकार पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तीनों के पैरों में मामूली गोली लगी है। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।" उन्होंने कहा कि गोलीबारी में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों पर सोमवार की सुबह सासामुसा रेलवे स्टेशन पर एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की रहने वाली लड़की अपने पिता के साथ इलाज के लिए ट्रेन से गोपालगंज आई थी।