सड़क किनारे टहल रहे बुजुर्ग दंपति को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, दूर गिरा मिला पति के शरीर का कुछ टुकड़ा; बिहार में दिल दहला देने वाला हादसा
Tuesday, Jun 03, 2025-12:37 PM (IST)

Saharsa Road Accident: बिहार के सहरसा जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा (Road Accident) हो गया, जिसमें एक बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। दरअसल, तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे टहल रहे पति-पत्नी को रौंद दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
दरवाजे के सामने सड़क पर टहल रहे दोनों
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के सौरबाजार सोनवर्षा राज मुख्य मार्ग पर हुई। मृतकों की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के सुहथ गांव निवासी 60 वर्षीय भरत राम और उनकी पत्नी 55 वर्षीय श्यामा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी मंगलवार की अहले सुबह अपने दरवाजे के सामने सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान तभी सोनवर्षा राज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को रौंद दिया।
शव को घसीटते हुए अपने साथ ले गया चालक
हादसे के बाद महिला का शव उनके दरवाजे के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला। वहीं पति का शव गायब है। काफी खोजबीन के बाद भरत राम का कुछ कपड़ा बैंक आफ इंडिया शाखा के आगे फेंका हुआ मिला है, जबकि शरीर का कुछ हिस्सा अजगैवा गांव के सामने रोड पर गिरा मिला। ऐसा लग रहा है कि वाहन चालक शव को घसीटते हुए अपने साथ ले गया।
इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने चालक पर कार्रवाई करते हुए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।