चक्रवात ‘बिपारजॉय'' का असर... बिहार में 48 घंटे से आगे नहीं बढ़ा मॉनसून, 17 जून तक लू चलने के आसार

Wednesday, Jun 14, 2023-04:22 PM (IST)

पटनाः चक्रवात ‘बिपारजॉय' ने बिहार में भी मॉनसून की रफ्तार रोक दी है। 12 जून को मॉनसून केरल से बिहार पहुंचा लेकिन अब चक्रवात बाइपरजॉय के कारण अगले 3 से 4 दिनों तक मॉनसून के आगे बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में 17 जून तक लू जारी रहने की आशंका जताई जा रही है।

‘बिपारजॉय' के कारण बिहार में पिछले 48 घंटे से मॉनसून आगे नहीं बढ़ा है। पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में मॉनसून स्थिर बना हुआ है। पूर्वी बिहार के कुछ स्थानों पर मॉनसून के रुके होने के कारण बिहार में गर्मी रहने का अनुमान है। दक्षिण-पश्चिमी बिहार में 17 जून तक लू चलने की भी संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

औरंगाबाद-भोजपुर में सबसे अधिकतम तापमान
वहीं मंगलवार को बिहार में सबसे अधिकतम तापमान औरंगाबाद और भोजपुर दोनों जगहों पर 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त डेहरी और गया में भी तापमान 43 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। बता दें कि तेज हवाओं, बारिश और ऊंची लहरों ने चक्रवात ‘बिपारजॉय' के आगमन की आहट दे दी है। ‘बिपारजॉय' का अर्थ बंगाली भाषा में आपदा है। इसे ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान' की श्रेणी में रखा गया है। इसके 140 से लेकर 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की तेज हवाओं के साथ यहां पहुंचने के आसार हैं। हवाओं की रफ्तार बढ़कर 170 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static