महेंद्र सिंह धोनी के साथ क्रिकेट खेल चुके खिलाड़ी की हत्या, छात्र ने सीने में मारी गोली
Monday, Feb 24, 2025-01:44 PM (IST)

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले से बड़ी घटना सामने आई है, जहां महेंद्र सिंह धोनी के साथ क्रिकेट खेल चुके तेजनारायण बनैली महाविद्यालय (TNB) के हेड क्लर्क प्रभु नारायण मंडल (31) की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के टीएनबी कॉलेज के पास की है। बताया जा रहा है कि रविवार रात 10 बजे के करीब टीएनबी लॉ कॉलेज के छात्र ने हेड क्लर्क प्रभु नारायण मंडल को गोली मार दी। गोली लगने के बाद आनन-फानन में परिजन उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभु, जिला स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी थे। वह सद्भावना कप में महेंद्र सिंह धोनी के साथ क्रिकेट खेल चुके है।
फायरिंग मामले में जेल जा चुका है आरोपी
वहीं हत्या का आरोप टीएनबी लॉ कॉलेज के छात्र संजीव झा पर लगा है, जिसे पुलिस ने देर रात हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि 2017 में संजीव, अरुण मंडल पर फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है। उसी साल प्रभु नारायण ने भी उसकी पिटाई की थी, जिसे लेकर दोनों के बीच रंजिश थी। वहीं घटना के बाद तीन थानों की पुलिस और सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने संजीव झा के पिता और मृतक के भाई सत्यम से पूछताछ की है। डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।