मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिख धर्म के विरासत को संजोने के लिए बनाया ‘प्रकाश पुंज’, पटना को मिला एक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थल
Thursday, Jun 05, 2025-05:54 PM (IST)

पटना (विकास कुमार): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ‘सिख धर्म’ और महान गुरुओं का बहुत ज्यादा सम्मान करते हैं। इसलिए सिख धर्म की महान सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए नीतीश बाबू ने पटना सिटी में ‘गुरू का बाग’ के पास 10 एकड़ में फैले ‘प्रकाश पुंज’ नाम का एक नया पार्क बनवाया है। यह पार्क सिख धर्म के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के जीवन, शिक्षाओं और उनके पूरे जीवन को प्रदर्शित करने के लिए बनाया गया है। ‘प्रकाश पुंज’ में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों पुत्रों को समर्पित चार द्वार, पांच प्रमुख सिख तीर्थस्थलों के मॉडल और एक संग्रहालय बनाया गया है।
‘जानिए ‘प्रकाश पुंज’ की विशेषताएं’
प्रकाश पुंज, पटना सिटी में गुरु का बाग के पास बनाया गया अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नवनिर्मित पार्क है। इस पार्क में चार द्वार बनाया गया है, जो श्री गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज के चार बेटों- साहिबजादा अजीत सिंह, फतेह सिंह, जुझार सिंह और जोरावर सिंह के त्याग को समर्पित है। इन चार 'द्वारों' के पास हेमकुंड साहिब, पांवटा साहिब, नांदेड़ साहिब, केशगढ़ साहिब और पटना साहिब नामक पांच गोलाकार दीवारें बनाई गई हैं। पार्क के दोनों तरफ एक गोलाकार सभागार और दो प्रदर्शनी हॉल भी बनाया गया है, जबकि पार्क के एक भाग का उपयोग धार्मिक कार्यों के आयोजन के लिए किया जाएगा।‘प्रकाश पुंज’ परिसर में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के जीवन, शिक्षाओं और कार्यों को उजागर करने के लिए एक संग्रहालय भी बनाया गया है। यहां आडियो-वीडियो विजुअल, पेंटिंग आदि के माध्यम से सिख संगतों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सिखों के सभी दस महान गुरुओं के जीवन से जुड़े प्रसंगों का ग्राफिक चित्रण किया जाएगा। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के द्वारा युद्ध के दौरान उपयोग में लाए गए अस्त्र-शस्त्र, पोशाक, कलम आदि को भी प्रदर्शनी में दिखाया जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले सिख संगतों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उनके जीवन से प्रेरणा मिल सके। श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के क्रियाकलाप और साहित्य से जुड़ी वस्तुओं को भी यहां दिखाया जाएगा।
सिख धर्म के विरासत के प्रतीक 'प्रकाश पुंज' में सौंदर्यीकरण का काम पूरा
पटना साहिब में ‘गुरु का बाग’ के पास 10 एकड़ क्षेत्र में फैले ‘प्रकाश पुंज’ के सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो गया है। पटना साहिब में आने वाले सिख संगतों,श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ‘प्रकाश पुंज’ अब आकर्षण का नया केंद्र बनने वाला है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने इस क्षेत्र में तालाब का जीर्णोद्धार, लैंडस्केपिंग, लाइटिंग और परिसर हरा-भरा बनाने के लिए बड़े पैमाने पर बागवानी की है।इस पूरे इलाके को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए तालाब के चारों तरफ परिक्रमा पथ, नौका विहार,सुंदर लाइटिंग और एक यूनिट शौचालय का काम पूरा हो चुका है।इसके अलावा यहां जल्द ही वॉच टावर का निर्माण भी पूरा हो जाएगा। पटना सिटी के ‘प्रकाश पुंज’ के विकास के में अब तक 9 करोड़ रुपए से ज्यादा का खर्च हो चुका है। यह कहना सही होगा कि आने वाले दिनों में यह क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बनकर उभरेगा।
‘प्रकाश पुंज’ से बिहार को एक नया सांस्कृतिक स्थल मिल गया है। पटना शहर की खूबसूरती में यह क्षेत्र चार चांद लगा देगा। ‘प्रकाश पुंज’ को सिख धर्म और बिहार की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित किया गया है। इससे बिहार की राजधानी पटना में देशी और विदेशी सैलानियों की आवाजाही में बहुत ज्यादा उछाल आने की उम्मीद है। वहीं इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के धार्मिक सौहार्द और धर्मनिरपेक्षता का संदेश भी पूरे देश में जाएगा। इससे पंजाब सहित देश और दुनिया से आने वाले सिख धर्म के लाखों श्रद्धालुओं के मन में बिहार की एक अच्छी छवि भी बनेगी।