Bihar Election 2025: "जो लोग 20 साल से बिहार में रोजगार की व्यवस्था नहीं कर पाए, वे...", खेसारी लाल यादव का NDA सरकार पर बड़ा हमला

Wednesday, Oct 29, 2025-10:51 AM (IST)

Bihar Election 2025: भोजपुरी सिनेमा के स्टार और छपरा विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) ने मंगलवार को बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो लोग बीस साल से बिहार में रोजी रोजगार की व्यवस्था नहीं कर पाए, उद्योग धंधे नही लगा पाए, उनकी बातों पर चुनाव के समय यकीन क्यों किया जाए।

शिक्षा और पलायन बिहारियों की सबसे बड़ी समस्या- Khesari Lal Yadav

खेसारी लाल यादव ने अमनौर विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी सुनील राय के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए बिहार की राजग सरकार पर हमला किया और कहा कि पिछले बीस वर्षो में सरकार ने प्रदेश में नौकरी, रोजगार, स्कूल और अस्पताल की समुचित व्यवस्था नहीं की है। उन्होंने कहा कि जनता से वोट लेने के लिए राजग सरकार का ध्यान मंदिर-मस्जिद, हिन्दू-मुसलमान और हिंदुस्तान:-पाकिस्तान पर ज्यादा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण से किसी भी हिन्दू को कोई ऐतराज नहीं होता है, लेकिन साथ मे शिक्षा के मंदिर भी बनने चाहिए जिन्हें स्कूल कहते हैं। भोजपुरी सिनेमा के स्टार ने कहा कि अशिक्षा और पलायन बिहारियों की सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति शुरू में आपने मां, बाप , पत्नी और बच्चों से दूर बाहर नौकरी के लिए नही जाना चाहता है। ऐसी स्थिति में सिर्फ त्योहारों के समय ही वह अपने परिवार से मिल पाता है। उन्होंने कहा कि बिहार में यदि कलाकारों के लिए रोजी रोजगार की व्यवस्था होती तो वो खुद भी मुंबई नही गये होते।

जिन लोगों ने बीस वर्षों तक शासन में रहते हुए...- Khesari Lal Yadav

यादव ने कहा कि वह खुशकिस्मत थे कि उन्हें एक मकाम मिल गया, लेकिन सभी प्रवासी बिहारियों की जिंदगी ऐसी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि बिहार से बाहर रह रहे बिहारियों को अक्सर गालियां सुननी पड़ती हैं और कई बार उनके साथ मारपीट भी होती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बीस वर्षों तक शासन में रहते हुए बिहार के पिछड़ेपन को दूर नहीं किया, उद्योग धंधे नहीं लगाए, उनपर विश्वास करने से अच्छा है कि एक नई सरकार को मौका दिया जाए। उन्होने मजाकिया लहजे में कहा कि जनता ने बीस वर्षों तक चाचा को मौका दिया, अब एक बार पांच वर्षो के लिए भतीजे को भी अवसर दे। उल्लेखनीय है कि खेसारी लाल यादव एक बड़े भोजपुरी सिनेमा के स्टार हैं और उनकी बड़ी‘फैन फॉलोइंग' है। पिछले दिनों बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव ने उन्हें राजद का सदस्य बना कर छपरा विधानसभा सीट पर उम्मीदवार और पार्टी का स्टार प्रचारक बनाया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static