Bihar Election 2025: 6 नहीं 10 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है JMM, सुप्रियो भट्टाचार्य बोले- बिहार में झामुमो के साथ हमेशा धोखा हुआ, अब समझौता नहीं

Sunday, Oct 19, 2025-03:19 PM (IST)

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक है। जेएमएम बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन से अलग होकर बिहार चुनाव लड़ेगा। जेएमएम ने इसकी घोषणा की है। जेएमएम अकेले 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। 6 सीटों में चकाई, धमदाहा, कटोरिया, पिरपैंती, मनीहारी, जमुई शामिल हैं।

"सीटों की यह संख्या 10 तक भी जा सकती है"
पार्टी कार्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत करने के दौरान झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सीटों की यह संख्या 10 तक भी जा सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद झामुमो झारखंड में गठबंधन की समीक्षा भी करेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेगा कि बिहार में झामुमो के बगैर सरकार नहीं बनने पाए। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो के साथ हमेशा धोखा हुआ है। बिहार में बार-बार धोखा हुआ है। पार्टी कुछ भी बर्दाश्त कर सकती है, लेकिन आत्म सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव में हमने झारखंड में राजद को सात सीटें दी। उसमें केवल एक प्रत्याशी जीता। उसे भी हमने पांच साल तक मंत्री बनाए रखा। 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में भी राजद को छह सीटें दी गयी। उसमें भी राजद के एक विधायक को मंत्री बना कर सम्मान देने का काम किया गया। हम हमेशा सम्मान करते रहे और हमारे साथ हमेशा धोखा होता रहा।

"CM हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बिहार में प्रचार अभियान चलाया जाएगा"
सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के 20 स्टार प्रचारक होंगे। इसकी सूची निर्वाचन आयोग को भेज दी गयी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बिहार में प्रचार अभियान चलाया जाएगा। स्टार प्रचारकों की सूची में विधायक कल्पना सोरेन, विजय हांसदा, मिथिलेश ठाकुर, विनोद पांडेय, बसंत सोरेन, सुप्रियो भट्टाचार्य, बैद्यनाथ राम, हेमलाल मुर्मू, सुदिव्य सोनू, अभिषेक प्रसाद पिंटू सहित कई अन्य शामिल हैं।

ज्ञात हो कि शुरू में झामुमो ने बिहार विधानसभा चुनाव में 16 सीटों देने की मांग की थी। बाद में झामुमो 12 सीटों पर आ गया। सीटों के लिए झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पटना में बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, झारखंड प्रभारी जय प्रकाश नारायण यादव, भोला यादव व अन्य वरीय नेताओं से मुलाकात भी की।

बता दें कि 2 चरणों में बिहार चुनाव कराए जाएंगे। 6 और 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 14 नवंबर को नतीजों का एलान होगा। वहीं, झारखंड में घाटशिला उपचुनाव 11 नवंबर को कराया जाएगा और 14 नवंबर को नतीजे का एलान होगा।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static