''बिहार में जनरल डायर की तरह की गई बर्बर कार्रवाई''... नित्यानंद बोले- यह तानाशाही व निरंकुशता का उदाहरण
Friday, Jul 14, 2023-01:34 PM (IST)

Lathicharge in Bihar: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार के पटना में में शिक्षक भर्ती, नौकरी का वादा, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर विधानसभा का घेराव करने जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं पर पुलिस के लाठीचार्ज को आजाद भारत में तानाशाही एवं निरंकुशता का उदाहरण करार दिया है।
"कल बहुत ही दुखद घटना घटी"
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आज यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘कल बहुत ही दुखद घटना घटी है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर प्रदेश के शिक्षक अभ्यर्थियों और किसानों के हक में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा शांति मार्च किया गया। लेकिन पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया और जहानाबाद जिले के भाजपा महामंत्री विजय कुमार सिंह की हत्या कर दी।
"बिहार में जंगल राज 3 का आगमन"
राय ने कहा कि भाजपा ने बिहार के किसानों, शिक्षकों, मजदूरों और महिलाओं के हक के लिए बड़ी आहूति दी है। कल राज्य में जनरल डायर की तरह की घटना हुई। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ऐसा लाठी चार्ज किया जैसा कि स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में अंग्रेजों ने किया था। बिहार में जंगल राज 3 का आगमन हुआ है। बिहार में कल जो बर्बरता पूर्ण लाठी चार्ज किया गया, वह आजाद भारत में निरंकुशता और तानाशाह का एक बड़ा गवाह बनेगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के कुशासन और गलत कामों से लोग गुस्से में हैं। कल पटना की सड़कों पर लोगों का गुस्सा देखने को मिला। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना लोगों का अधिकार है। लेकिन पटना में जो हुआ वह बेहद निंदनीय है।