दिल्ली से गांव लौटे 2 युवकों की दिनदहाड़े हत्या, घात लगाए अपराधियों ने बरसाईं गोलियां; इलाके में दहशत
Monday, Jul 06, 2026-02:16 PM (IST)
Bihar News: बिहार में बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम अपराधियों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
पुलिस अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग पर बलिया गांव के समीप स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने बाइक सवार तीन युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में अमरपुर थाना क्षेत्र के भालूआ गांव निवासी गुंजन सिंह (40) और सिंटू सिंह (35) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीसरा युवक जान बचाकर भागने में सफल रहा।
यह भी पढ़ें- लोन दिलाने का झांसा देकर विवाहिता से हैवानियत, लंबे समय तक दुष्कर्म करता रहा मैनेजर, अब हुआ गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों मृतक दिल्ली में मजदूरी करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे। आज शाम वे बलिया गांव से बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी स्कॉर्पियो से फरार हो गए। घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

