कमरे से आई जोरदार आवाज...दोस्तों ने जाकर देखा तो मुंह से निकल रहा था झाग, पूर्व CM के पोते की मौत का राज खोलेगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

Wednesday, Feb 25, 2026-03:22 PM (IST)

Jharkhand News: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली से दुखद खबर सामने आई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव मनाली के सिमसा क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सिर दर्द की शिकायत कर रहा था वीर 

जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने दो दोस्तों के साथ 22 फरवरी को मनाली घूमने आए थे और सिमसा के होम स्टे में रुके थे। 23 फरवरी को सभी ने सोलंग घाटी और सेथन गांव घूमकर दिन बिताया। 24 फरवरी को वीर ने दोस्तों के साथ बाहर जाने से मना किया और कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। दोपहर में जब दोस्तों ने उसे बिस्तर पर देखा तो वह सिर दर्द की शिकायत कर रहा था। दोस्तों ने उसे दवा दी और वह सो गया।

कमरे से आई गिरने की आवाज

करीब 2 बजे कमरे से जोरदार गिरने की आवाज आई। कमरे में जाकर दोस्तों ने देखा कि वीर बिस्तर से गिरा हुआ है। वे उसे तुरंत उठाकर अस्पताल ले गए। रास्ते में वीर के मुंह से झाग निकलने लगा। मनाली सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने सीपीआर कर हर संभव प्रयास किया, लेकिन वीर को बचाया नहीं जा सका और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

वीर की मौत का राज खोलेगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और दोस्तों, होम स्टे कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेंगे। वीर सोरेन की मौत से उनके परिवार में मातम है। परिवार मनाली पहुंच चुका है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। स्थानीय लोग और पर्यटन क्षेत्र भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

मुंह से झाग निकलने का क्या कारण हो सकता है?

विशेषज्ञों के अनुसार, अचानक सिर दर्द और मुंह से झाग निकलना ब्रेन हेमरेज, हार्ट अटैक या अन्य गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। हालांकि, सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने कहा है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static