घोर कलयुगः एक टुकड़ा जमीन के लिए 3 सगे भाइयों की ली जान, चाकू से वार कर तबाह किया परिवार
Sunday, Jun 11, 2023-04:33 PM (IST)

छपराः बिहार के छपरा जिले में जमीनी विवाद को लेकर संगे भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक शख्स ने 3 भाइयों की चाकू मारकर हत्या कर दी। जबकि 3 लोग अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
3 भाईयों की मौत
जानकारी के मुताबिक, मामला एकमा थाना क्षेत्र की पछुआ पंचायत अंतर्गत गंगवा गांव का है। मृतकों की पहचान राजेश्वर महतो (50), स्वामी नाथ महतो (48) और दिनेश महतो (45) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि एकमा प्रखंड क्षेत्र के गंगोली गांव में जमीनी विवाद को लेकर लालू महतो और उनके भाईयों के बीच विवाद चल रहा था। वहीं शनिवार को मामला गाली-गलौज से शुरू होकर चाकूबाजी और मारपीट में बदल गया है, जिसमें 3 भाईयों की मौत हो गई, जबकि उनके कई परिजन घायल हो गए।
पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
घायलों में स्वामी नाथ महतो का बेटा मुन्ना, राजेश्वर महतो की पत्नी (45) और एक अन्य महिला शामिल है। घायलों का इलाज़ एकमा पीएचसी व सदर अस्पताल में चल रहा है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोप है कि लालू महतो और उसके बेटे ने हत्या की है। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एक साथ 3 लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बता दें कि रामेश्वर, स्वामी और दिनेश का जमीन को लेकर अपने भाई लालू महतो से विवाद चल रहा था और लालू महतो बिना जमीन बंटवारे के घर बना रहा था। इसी को लेकर सभी भाइयों में खूनी संघर्ष हुआ।