150 महिलाएं Maiyan Samman Yojna से वंचित, 18 किमी पैदल चलकर सभी पहुंची मंत्री कार्यालय; अधिकारियों के छूटे पसीने

Saturday, Feb 07, 2026-01:26 PM (IST)

Maiyan Samman Scheme: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना से वंचित रहने को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी प्रखंड की महिलाओं में भारी नाराजगी देखी गई। योजना का लाभ नहीं मिलने से आक्रोशित करीब 150 महिलाओं ने पैदल मार्च कर मंत्री कार्यालय का घेराव किया और जल्द समाधान की मांग की।

150 महिलाओं ने मंत्री कार्यालय का किया घेराव 
जानकारी के अनुसार, चोया पंचायत की करीब 150 महिलाएं इस योजना के लाभ से वंचित हैं। राज्य सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से अगस्त 2024 में इस योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को पहले हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया गया। चोया पंचायत की महिलाओं का कहना है कि उन्होंने योजना शुरू होते ही आवेदन जमा कर दिया था, लेकिन अब तक उनके खाते में एक भी किस्त नहीं आई है। कई बार प्रखंड कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। महिलाओं का आरोप है कि पोर्टल नहीं खुलने के कारण उनकी राशि अटक गई है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को पंचायत की मुखिया जयंती बिरुली के नेतृत्व में करीब 150 महिलाएं 18 किलोमीटर पैदल चलकर चाईबासा के सरनाडीह स्थित मंत्री दीपक बिरुवा के कार्यालय पहुंचीं और कार्यालय का घेराव किया। महिलाओं ने मंत्री से शिकायत करते हुए कहा कि महीनों बीत जाने के बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।

"जब तक उन्हें उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा"
मुखिया जयंती बिरुली ने बताया कि महिलाएं रोज उनसे योजना की राशि को लेकर गुहार लगा रही हैं। इस संबंध में उन्होंने पहले ही प्रखंड विकास पदाधिकारी को जानकारी दी थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों से पोर्टल नहीं खुल पा रहा है, जिससे महिलाओं का डेटा अपडेट नहीं हो पा रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया है, ताकि उच्च स्तर पर पहल कर पोर्टल की दिक्कत को दूर किया जा सके। महिलाओं के घेराव की सूचना मिलते ही मंत्री कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। मौके पर सदर अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। महिलाओं ने मंत्री के निजी सचिव सुभाष बनर्जी को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की। महिलाओं ने साफ कहा है कि जब तक उन्हें उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static