आर्केस्ट्रा की आड़ में गंदा धंधा, अश्लील डांस करने को किया जाता था मजबूर; 14 लड़कियां मुक्त, संचालक गिरफ्तार
Sunday, Jun 08, 2025-01:23 PM (IST)

Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले में कई स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस ने विभिन्न आर्केस्ट्रा समूहों में शोषण की शिकार और जबरन नृत्य करने के लिए मजबूर की गईं 14 लड़कियों को मुक्त कराया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आर्केस्ट्रा संचालक राकेश सिंह गिरफ्तार
अधिकारियों ने बताया कि मुक्त कराई गईं अधिकतर लड़कियां पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की रहने वाली है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एक आर्केस्ट्रा संचालक राकेश सिंह को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस और एक गैर सरकारी संगठन के सदस्यों ने बरौली, मछरीहट्टा और रतनसराय इलाकों में विभिन्न स्थानों पर संयुक्त रूप से छापेमारी की और 14 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। ये शोषण का शिकार थीं और आर्केस्ट्रा समूहों में इन्हें नृत्य करने के लिए मजबूर किया गया।''
इसमें कहा गया है, ‘‘शुक्रवार को छापेमारी की गई, जिसके बाद पुलिस ने इस संबंध में ऑर्केस्ट्रा संचालक राकेश सिंह को गिरफ्तार किया। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।'' बयान में कहा गया है कि अपराध में शामिल अन्य आर्केस्ट्रा संचालकों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।