पलामू में ट्रिपल मर्डर: अंधविश्वास के चलते पूरे परिवार को उतारा मौत के घाट, जांच में जुटी पुलिस

Sunday, Feb 01, 2026-11:57 AM (IST)

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांकी थाना क्षेत्र के कुसडी इलाके में अंधविश्वास के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनका बेटा शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पांकी थाना क्षेत्र से लगभग 35 किलोमीटर दूर कुसडी गांव में हुई। मृतकों की पहचान विजय भुइयां, उसकी पत्नी और उसके बेटे के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने विजय भुइयां और उसके परिवार पर ओझा-गुणी होने का शक जताते हुए उनकी हत्या कर दी।

पांकी थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों के जरिए पुलिस को इस घटना की सूचना मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार, विजय भुइयां का गांव के कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। देर रात कुछ लोग उसके घर पहुंचे और पहले मारपीट की। इसके बाद तीनों पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई।

फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static