NH-133 पर रफ्तार का कहर: अनियंत्रित होकर पलटा सरिया लदा ट्रैक्टर, चालक-खलासी की मौत

Tuesday, Jul 21, 2026-11:33 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर कढ़ोन गांव के समीप रविवार को ओवरलोड सरिया लदा ट्रैक्टर पलटने से चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गए। 

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर गोड्डा से सरिया लेकर ललमटिया की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चल रहा था और उस पर क्षमता से अधिक सरिया लदा हुआ था। ओवरलोड होने के कारण ट्रैक्टर का ट्रेलर अनियंत्रित होकर हिलने लगा और अचानक टूटकर पलट गया। हादसे में करीब 30 वर्षीय चालक सुनील महतो और खलासी समय बाउरी ट्रैक्टर के बड़े पहिए के नीचे दब गए, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर पर कुल पांच लोग सवार थे। तीन अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं, लेकिन वे इलाज कराए बिना ही मौके से चले गए। 

घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मृतक सुनील महतो और समय बाउरी दोनों कढ़ोन गांव के निवासी थे। दोनों ही अपने-अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और दो-दो छोटे बच्चे हैं। इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static