8 साल के प्यार की जीत: प्रेमिका की जिद के आगे झुका प्रेमी, थाने से सीधे मंदिर में हुई शादी

Sunday, Mar 15, 2026-10:41 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां प्रेमी की शादी कहीं और तय होने की खबर मिलते ही प्रेमिका सीधे थाने पहुंच गई और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। कई घंटे की बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार युवक शादी के लिए तैयार हो गया और ग्रामीणों की पहल पर दोनों की मंदिर में शादी करा दी गई।

PunjabKesari

मंदिर में विधि-विधान से हुई शादी
रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव के धोबी टोला निवासी अमित सिंह और काचन गुरियाही टोला की अंजू कुमारी के बीच करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी बीच युवक के परिवार ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। जब इसकी जानकारी अंजू को मिली तो वह सीधे रामगढ़ थाना पहुंच गई और पुलिस से शिकायत कर न्याय की मांग की। इसके बाद पुलिस ने युवक और उसके परिजनों को थाने बुलाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की। शुरुआत में युवक शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन पुलिस और ग्रामीणों के समझाने-बुझाने के बाद वह मान गया। इसके बाद शुक्रवार रात करीब आठ बजे ग्रामीणों की पहल पर रामगढ़ स्थित शिव मंदिर में दोनों की विधि-विधान से शादी करा दी गई।

पूरे इलाके में अनोखी शादी की चर्चा
बताया जा रहा है कि युवती खरवार जाति से है, जबकि युवक चेरो समुदाय से आता है। इसी कारण दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। शादी के दौरान युवक की मां वहां से चली गई, जबकि युवती की मां और उसका भाई मौके पर मौजूद थे। शादी के बाद युवती अपने पति के साथ उसके घर चली गई। पूरा घटनाक्रम शुक्रवार सुबह से शुरू होकर रात करीब नौ बजे तक चलता रहा। शनिवार को रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने इस मामले की पुष्टि की। इस अनोखी शादी की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static