ठेले पर पानी पूरी बेचने वाले के बेटे ने भरी उड़ान, Indian Idol Season-16 के Top-12 में बनाई जगह; पिता का सपना हुआ सच
Monday, Feb 16, 2026-04:49 PM (IST)
Jharkhand News: कोयलांचल नगरी धनबाद के लिए गर्व का पल है। यहां के रहने वाले युवा गायक अभिषेक कुमार ने देश के सबसे बड़े सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन-16 के टॉप-12 में अपनी जगह बना ली है। अब वह लाइव गाला राउंड में नजर आएंगे और पूरे झारखंड की उम्मीदें उनसे जुड़ गई हैं। कोयलांचल की धरती से निकले प्रतिभाशाली गायक अभिषेक कुमार ने अपनी मेहनत और मधुर आवाज के दम पर इंडियन आइडल सीजन-16 के टॉप-12 में जगह पक्की कर ली है। यह उपलब्धि सिर्फ धनबाद ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।
संघर्ष और मेहनत के बाद इंडियन आइडल के मंच तक पहुंचा अभिषेक कुमार
इस सप्ताह से इंडियन आइडल सीजन-16 का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे सोनी टीवी पर होगा। पहले गाला राउंड को ‘प्रीमियम पार्टी राउंड’ नाम दिया गया है, जहां मुकाबला और भी कठिन हो गया है। अभिषेक के पिता अजय शाह पिछले 20-25 वर्षों से धनबाद के सरायडेला, जगजीवन नगर इलाके में पार्क के सामने ठेला लगाकर गुपचुप बेचते हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि उनका बेटा संगीत की दुनिया में अपना नाम बनाए। आज वह सपना सच होता दिख रहा है और इससे उन्हें बहुत खुशी है। अभिषेक की शुरुआती पढ़ाई कक्षा 1 से 5 तक DAV बनियाहीर, झरिया से हुई। इसके बाद कक्षा 5 से 12 तक की पढ़ाई DAV धनबाद से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए वह दिल्ली गए, जहां से उन्होंने एमए की डिग्री हासिल की। पिता ने बताया कि अभिषेक को बचपन से ही संगीत का शौक था। करीब 5 साल की उम्र से ही उन्होंने गाना शुरू कर दिया था। उन्होंने कई जागरण, मंदिरों और स्टेज शो में अपनी प्रस्तुति दी। लगातार संघर्ष और मेहनत के बाद आज वह इंडियन आइडल के मंच तक पहुंचे हैं।
अभिषेक ने धनबाद और झारखंड के लोगों से की अपील
अभिषेक ने बताया कि शो में जल्द ही वोटिंग लाइन खुलने वाली है। उन्होंने धनबाद और झारखंड के लोगों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा वोट देकर उनका समर्थन करें। उनका कहना है कि “आपका एक वोट मेरे सपने को साकार कर सकता है।” अपनी संगीत यात्रा के बारे में अभिषेक ने बताया कि उनके पहले गुरु उनके मामा पंकज सांवरिया हैं, जिन्होंने उन्हें संगीत की शुरुआती शिक्षा दी। इसके बाद उन्होंने लगातार रियाज और मंच कार्यक्रमों के जरिए खुद को निखारा।
गौरतलब है कि अभिषेक अब तक मशहूर गायक उदित नारायण और श्रेया घोषाल जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ भी मंच साझा कर चुके हैं। फिलहाल, अभिषेक दिन में करीब 18 घंटे रियाज कर रहे हैं। हर सुर और हर शब्द पर खास ध्यान दे रहे हैं। उनका सपना है कि वह इंडियन आइडल की ट्रॉफी जीतकर धनबाद और झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन करें। धनबाद और झारखंड के लोग भी अपने इस बेटे की जीत के लिए दुआ और समर्थन कर रहे हैं।

